भिलाई। केन्द्र की मोदी सरकार के खिलाफ सीएम बघेल ने तीखा हमला किया है। महंगाई के खिलाफ भिलाई में आयोजित जन जागरण पदयात्रा के बाद पावर हाउस लाल मैदान में हुई सभा में सीएम भूपेश बघेल ने केन्द्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए उनकी महिला नेताओं पर भी निशाना साधा।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि देशभर में पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस सहित अन्य जरूरी वस्तुओं पर बढ़ती महंगाई से हर वर्ग परेशान है। भाजपा की स्टार महिला नेताओं को घेरते हुए सीएम बघेल ने कहा कि एक समय था जब रसोई गैस की कीमतों में जरा सी बढोत्तरी होती थी तो स्मृति ईरानी, हेमा मालिनी, सरोज पांडेय जैसी महिला नेत्री सिलेंडर लेकर धरने पर बैठ जाती थीं। आज पेट्रोल डीजल शतक मार चुके हैं और रसोई हजार के आंकड़े को पार कर गया है तो अब इनकी बोलती क्यों बंद है।
सीएम बघेले यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा महंगाई को लेकर जनता त्रस्त हो गई है। ईंधन की कीमतों के बढ़ोत्तरी का असर रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं पर दिखने लगा है। खाने के तेल से लेकर दलहन तक आज महंगाई चरम पर है। केन्द्र की मोदी सरकार महंगाई को काबू करने में पूरी तरह से विफल हो गई है। सीएम बघेल ने कहा कि महंगाई के लिए जिम्मेदार भाजपा को पिछले दिनों हुए उपचुनाव में जनता ने आईना दिखा दिया है।
सीएम बघेल ने कहा कि उपचुनाव में हारे तो पेट्रोल-डीजल की कीमते याद आई। इसके बाद 5 और 10 रुपए एक्साइज कम कर खानापूर्ति कर दी गई। सीएम तंज कसते हुए कहा कि पांच राज्यों के उपचुनाव में हारे तो 5 व 10 रुपए एक्साइज ड्यूटी कम हुई है आने वाले 5 राज्यों के चुनाव में भाजपा को निपटा दो पेट्रोल डीजल का रेट आधा हो जाएगा। भाजपा के लोग केवल राजनीति करना जानते है, काम करना नहीं। सीएम बघेल ने यह भी कहा कि देश में मोदी का गुजरात मॉडल चल रहा है, जिसके कारण महंगाई चरम पर है। अब आगे देश में छत्तीसगढ़ मॉडल चलेगा।
बहुत हुई महंगाई की मार, गद्दी छोड़ो मोदी सरकार
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भाजप के पुराने नारे को पलटा दिया। भाजपा का नारा था बहुत हुई महंगाई की मार अब की बार मोदी सरकार। इस पर मोहन मरकाम ने कहा वर्तमान में इस नारे के ठीक उल्टा हो रहा है। मोदी सरकार में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्य सामग्रियों के दाम आसमान छू रहे हैं। इसीलिए अब हमारा नारा है बहुत हुई महंगाई की मार, बस करो मोदी सरकार, गद्दी छोड़ो मोदी सरकार। कार्यक्रम के दौरान गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बे-तहाशा वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया।
केंद्र की मोदी सरकार लगातार महंगाई बढ़ा रही
सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने कहा कि एक ओर केंद्र की मोदी सरकार लगातार महंगाई बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने तीन साल से सत्ता संभालते हुए आम जनता को राहत देने के हरसंभव उपाय किये हैं। हाफ बिजली बिल योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजनाए देश में सबसे ज्यादा कीमत पर धान खरीदी, समर्थन मूल्य पर वनोपज खरीदी योजना से किसानों, मजदूरों सहित आम लोगों को राहत दी है। धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल जैसी योजनाएं लागू कर आम जनता के शिक्षा व स्वास्थ्य खर्च को कम करने का प्रयास भी पूरी शिद्दत से किया है। देश की जनता समझ चुकी है कि भाजपा सरकार महंगाई बढ़ा रही है।




