रायपुर। स्कूल शिक्षा विभाग ने भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य के सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों में 24 अप्रैल से 14 जून तक ग्रीष्मावकाश देने का निर्णय लिया है।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी संशोधित आदेश में कहा है कि स्कूलों में कुछ विषयों में एण्डलाइन असेंसमेंट 25 अप्रैल को किया जाना है, उन विषयों में जो विद्यार्थी स्वेच्छा से स्कूल जाना चाहते हैं उनका एण्ड लाइन असेंसमेंट निर्धारित तिथि को किया जाएगा। इसके पश्चात् अगले शिक्षा सत्र के लिए स्कूल 15 जून से खुलेंगे। यह आदेश शासकीय एवं निजी स्कूलों में लागू होगा।

भीषण गर्मी की वजह से बदला गया निर्णय
छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने इस बार गर्मी की छुट्टी कम करने का फैसला किया था। फरवरी-2022 में एक आदेश जारी हुआ था, जिसमें कहा गया कि शैक्षणिक सत्र 31 मार्च 2022 तक की जगह 30 अप्रैल 2022 तक चलेगा। मई में 14 दिन नये शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं चलेंगी। फिर 15 मई से 15 जून तक गर्मी की छुट्टी रहेगी। पहले गर्मी की छुट्टी 46 दिनों की होती थी। छत्तीसगढ़ में इन दिनों पारा 44 डिग्री के करीब पहुंच गया है। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी पडऩे की वजह से पहले स्कूलों का समय बदला गया था। गर्मी बढऩे के साथ अब स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया गया है।




