भिलाई. नगर निगम भिलाई के एक पार्षद पर महिला ने छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर जब पुलिस ने एफआईआर नहीं लिखा तो महिला के साथ आए लोगों ने जमकर हंगामा कर दिया। जिसके बाद अंतत: पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया। यह पूरा मामला वार्ड 1 जुनवानी का है। जहां पार्षद योगेश साहू पर महिला से छेडख़ानी व मारपीट करने का आरोप लगाया है। फिलहाल इस मामले में स्मृति नगर चौकी पुलिस जांच कर रही है।

शराब के नशे में था पार्षद
स्मृति नगर पुलिस ने मुताबिक महिला ने आरोप लगाया है कि वार्ड 1 जुनवानी के पार्षद योगेश साहू ने उसके साथ छेडख़ानी कर गाली गलौज करते हुए मारपीट की है। महिला ने लिखित शिकायत में बताया कि 7 दिसंबर की रात वह अपने पति के साथ घर के बाहर खड़ी थी। उसी दौरान पार्षद योगेश साहू बाइक से नशे की हालत में आया। उसने बाइक को घर के बाहर खड़ा करके महिला को अश्लील इशारे करने लगा। महिला ने विरोध किया तो उसने उसके साथ छेडख़ानी शुरू कर दी। जब पति ने पार्षद को रोका तो उसने महिला व उसके पति के साथ गाली गलौज कर झगड़ा करने लगा। इससे झगड़ा बढ़ गया।
मोहल्ले के लोगों के साथ चौकी पहुंची महिला
देखते ही देखते मोहल्ले में लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। इसके बाद महिला व उसके पति स्मृति नगर चौकी पहुंचे और पार्षद के खिलाफ लिखित शिकायत दी। जहां पुलिस वाले पहले तो शिकायत नहीं ले रहे थे लेकिन जब महिला के साथ आए लोगों ने हंगामा पर चौकी घेराव किया तब पुलिस ने कार्रवाई की।




