रायपुर. बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना अपने चार दिवसीय भारत यात्रा पर सोमवार को दिल्ली पहुंचीं। पीएम शेख हसीना का दिल्ली एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। 2021 में दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के 50वें वर्ष पूरे होने के बाद शेख हसीना की यह पहली भारत यात्रा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2021 में बांग्लादेश की यात्रा की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर ही भारत की यात्रा पर पहुंची हैं। अपनी यात्रा के दौरान बांग्लादेश की प्रधानमंत्री, भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात करेंगी। शेख हसीना के साथ कई मंत्रियों, सलाहकारों, सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधियों का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल आया है। बांग्लादेश के पीएम की भारत यात्रा को लेकर पड़ोसी पाकिस्तान की भी निगाहें टिकी हुई है।

चर्चा के ये होंगे मुद्दे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वह व्यापार, ऊर्जा, नदियों के जल बंटवारे और रोहिंग्या समेत कई मुद्दों पर बात करेंगी। भारत की यात्रा के दौरान बांग्लादेश और भारत के बीच जल प्रबंधन, रेलवे और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी समेत कई क्षेत्रों में सात समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। विदेश मंत्री ए. के. अब्दुल मोमेन ने रविवार को यह जानकारी दी। माना जा रहा है कि दोनों देशों के बीच साझा नदियों के जल बंटवारे, बिजली और ऊर्जा सहयोग, सीमा प्रबंधन और रक्षा, रेलवे और विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग पर केंद्रित कई समझौतों और एमओयू पर साइन होने की संभावना है।




