दो साल बाद रिसाली में पोला उत्सव
भिलाई। गृहमंत्री ताम्रध्जव साहू ने पोला पर बैलों की पूजा कर बैलगाड़ी चलाई और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक त्योहार पोला की सबको बधाई दी। कोविड के चलते दो साल बाद रिसाली में पोला उत्सव मनाया गया। यहां बैलदौड़ के साथ बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए कई प्रतियोगिताएं रखी गई। उनके साथ महापौर शशि सिन्हा, सभापति केशव बंछोर सहित एमआईसी सदस्य, एल्डरमैन एवं पार्षद मौजूद थे। कार्यक्रम में सबसे आकर्षण का केन्द्र सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ महिलाओं के खेल रहे। जिसमें उन्होंने अपने बचपन को याद किया। इस मौके पर गृहमंत्री साह ूने सभी को पोला और तीजा की बधाई दी और सबके सुख समृद्धि की कामना की।


बैलों ने लगाई दौड़
रिसाली में बैलदौड़ प्रतियोगिता सबसे खास रही। आसपास के गांवों से किसान अपने बैल लेकर पहुंचे थे। किसी ने बैल के सिंग को सजाया था तो किसी ने उसके गले में सुंदर सोहई पहनाई थी। इस दौरान पुरुषों के लिए नारियल फेंक, महिलाओं के लिए मटका दौड़, फुगड़ी, जैसे पारंपरिक खेल भी हुए।




