जम्मू (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर के रामबन में 26 जुलाई को हुए दर्दनाक हादसे के बाद लापता सब-इंस्पेक्टर की पत्नी आशा रानी का शव शुक्रवार को रियासी जिले में नदी में मिला है। सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार और उनके दोनों बच्चों का अभी तक कोई पता नहीं चला है।

बता दें कि सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार अपने परिवार के साथ कार से जा रहे थे। गाड़ी पर नियंत्रण खोने से कार सड़क से फिसल कर रामबन-बनिहाल के बीच मेहाड़ इलाके में तेज बहती नदी में गिर गई। हादसे के तुरंत बाद पुलिस और क्यूआरटी की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी शुरू की। लेकिन सफलता नहीं मिली। सिपाही और बच्चों की तलाश जारी है।
गुरुवार को भी तलाशी अभियान चलाया गया था। इसमें एनडीआरएफ के जवानों ने नदी के किनारों और संभावित स्थानों को खंगाला है, लेकिन लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिला। मौसम में सुधार होते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के गोताखोरों ने फिर से चिनाब में लापता लोगों और कार का पता लगाने के लिए अभियान शुरू किया। इस दौरान मेहाड़, मैत्रा, कोहबाग और रामबन में तटबंधों को खंगाला गया। एनडीआरएफ के अनुसार तेज बहाव के बावजूद चिनाब में गोताखोरों को उतारा गया है।




