भिलाई. दीपावली और त्यौहारों के चलते लगाता शहर के मार्केट में चल रहे विजिबल पुलिसिंग अभियान के तहत शनिवार की शाम दुर्ग पुलिस अधीक्षक दुर्ग डॉक्टर अभिषेक पल्लव अपनी टीम के साथ आकाशगंगा मार्केट पहुंचे। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय कुमार ध्रुव सहित अपनी पूरी टीम के साथ बाजारों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान चेंबर ऑफ कामर्स के पदाधिकारियों ने भी एसपी डॉ पल्लव ने बाजार में होने वाली दिक्कतों को बताया। जिसके बाद एसपी डॉ अभिषेक ने व्यापारियों से कहा कि वे त्योहार में होने वाली भीड़ को देखते हुए अपनी गाड़ियां सर्कस मैदान में खड़ी करें और बाजार में ग्राहकों के लिए पार्किग की जगह खाली रखें। साथ ही उन्होंने इस दौरान बाहर के खरीदारी करने आने वाले लोगों पर वाहन चेकिंग में थोड़ी छूट देने की भी बात कही। इस मौके पर उन्होंने सुपेला फाटक पर चल रहे अंडर ब्रिज के काम को भी दिपावली तक रोकने के लिए प्रशासन से भी चर्चा करने की बात कही।

ओवर ब्रिज के नीचे भी पार्किंग
पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने दक्षिण गंगोत्री मार्केट का जायजा लेते हुए पार्किंग एरिया में गाड़ी खड़ी करने को कहा। साथ ही हिमालय कॉपलेक्स में पार्क एरिया को पार्किंग की जगह एवं सुपेला ओवर ब्रिज के नीचे गाड़ियों को पार्किंग करने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने सुपेला बाजार का भी जायजा लिया। इस मौके पर पुलिस की टीम ने नागरिकों को जेब कतरों एवं अन्य प्रकार के अपराध से बचनेके लिए भी जागरूक किया। इस अभियान में एएसपी संजय ध्रुव, सीएसपी भिलाई नगर नसर सिद्धकी, थाना प्रभारी सुपेला दुर्गेश कुमार शर्मा, यातायात पुलिस एवं जवान उपस्थित रहे।



