नई दिल्ली (एजेंसी)। दुनियाभर में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते खतरे के बीच अब भारत में भी चिंता बढ़ गई है। दरअसल, ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित एक व्यक्ति दिल्ली में भी पाया गया है। इसी के साथ देश में कोरोना के इस वैरिएंट से पीडि़त लोगों की संख्या पांच हो गई है। बताया गया है कि पीडि़त व्यक्ति तंजानिया से लौटा था।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि पीडि़त फिलहाल दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती है। वह तंजानिया से लौटा था। उन्होंने कहा कि विदेश से लौटे 17 लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं और उन्हें अस्पताल में ही रखा गया है। जैन ने केंद्र सरकार से अपील की कि वह जल्द से जल्द अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध लगाए।
जैन ने आगे कहा, जो बाहर से आ रहे हैं उनका टेस्ट किया जा रहा है। अभी तक 17 पॉजिटिव मरीज एलएनजेपी में भर्ती हैं, 6 उनके संपर्क वाले हैं। 12 लोगों की जीनोम सिक्वेंसिंग हुई, जिसमें एक व्यक्ति ओमिक्रॉन से संक्रमित पाया गया। फाइल रिपोर्ट कल आएगी।
भारत में इससे पहले कोरोना के चार केस मिल चुके हैं। इनमें से पहले दो केस कर्नाटक से सामने आए थे। जबकि शनिवार को एक केस गुजरात के जामनगर और एक मामला महाराष्ट्र के कल्याण से सामने आया था।




