भिलाई। बादल छाए रहने व हल्की बारिश के चलते ठंड में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि ट्विनसिटी समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में कमी आई है और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। दुर्ग का अधिकतम तापमान तो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे रहा है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले कुछ दिन मौसम का रुख इस प्रकार से बने रहने की संभावना है।

बादल छाने की वजह से न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि 18 व 19 नवंबर को तो प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अच्छी बारिश के आसार हैं। शनिवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए रहे। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। तो ट्विनसिटी के कई इलाकों में जमकर बारिश हुई। इसकी वजह से मौसम में भी थोड़ी ठंडक आ गई और लोगों के घरों से गर्म कपड़े भी बाहर आ गए।
हर साल की तरह इस बार भी तिब्बतियों का गर्म कपड़ों का बाजार सजकर तैयार है। हालांकि गर्म कपड़ों की कीमतें लोगों को परेशान कर रही हैं। कोरोना की वजह से विगत दो वर्षों से इस बाजार के लगने और नए व डिजाइजर गर्म कपड़ों का इंतजार लोगों को था। विभिन्न कपड़े संस्थानों में भी गर्म कपड़ों का स्टाक आने लगा है। साथ ही आफर की रणनीति भी तैयार है और कुछ संस्थानों में तो कर्म कपड़ों पर आफर भी शुरू हो गए हैं। कारोबारियों द्वारा इस साल अच्छी ठंड पडऩे की संभावना को देखते हुए ज्यादा से ज्यादा स्टाक भी मंगाया जा रहा है।




