स्पोर्ट्स डेस्क (एजेेंसी)। भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 2021-22 का घरेलू सीजन काफी चुनौतीपुर्ण और व्यस्त रहने वाला है। आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के बाद भारतीय टीम चार देशों की मेजबानी करेगी। इस दौरान टीम एक के बाद एक कई मैच और सीरीज खेलेगी।

बीसीसीआई ने सोमवार को हुई अपेक्स कॉउंसिल की बैठक में भारतीय टीम का घरेलू कार्यक्रम जारी किया। इसमें टीम इंडिया न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के साथ सीरीज खेलेगी। घरेलू सत्र की शुरुआत न्यूजीलैंड के साथ टी-20 सीरीज के साथ होगी जबकि समाप्ति जून में दक्षिण अफ्रीका के साथ टी-20 श्रृंखला के साथ होगी।
दुबई में होने वाली टी-20 वर्ल्ड कप के बाद न्यूजीलैंड की टीम भारत के दौरे पर आएगी। इस दौरान वह जयपुर में 17 सितंबर को पहला मैच और फिर रांची और कोलकाता में 19 और 21 नवंबर को दूसरा और तीसरा मैच खेलेगी। टी-20 सीरीज के बाद दोनों टीमें दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला भी खेलेगी। इसमें पहला मैच 25-29 नवंबर को कानपुर और दूसरा मैच 3-7 दिसंबर को मुंबई में खेला जाएगा।




