रायपुर। त्योहारी सीजन के साथ ही छत्तीसगढ़ में धीरे धीरे कोरोना के मामले बढऩे लगे हैं। बढ़ते नए मामलों के साथ कम होती रिकवरी रेट के कारण प्रदेश में सक्रिय मामले लगातार बढ़ रहे हैं। एक समय 200 से नीचे पहुंची सक्रिय मरीजों की दर अब 300 के करीब पहुंच गई है। प्रदेश में फिलहाल सक्रिय मरीजों की संख्या 285 तक पहुंच गई है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, गुरुवार को प्रदेश भर में कोरोना के 23 हजार 331 नमूनों की जांच हुई। इसमें 31 मामलों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इस बीच 9 लोग स्वस्थ हुए। प्रदेश में अब तक संक्रमित होने वालों की संख्या बढ़कर 10 लाख 5 हजार 957 हो गई है। सप्ताह भर पहले प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 214 थी। अब यह संख्या बढ़कर 285 हो गई है। डॉक्टरों का कहना है, त्योहारों की भीड़ को देखते हुए यह आंकड़े चिंता बढ़ा सकते हैं। हमें अधिक सावधान रहने की जरूरत है।
दुर्ग जिला बना हुआ है हॉटस्पॉट
नए कोरोना के मामलों को देखें तो एक बार फिर दुर्ग जिला हॉट स्पॉट बना हुआ है। बीते 24 घंटों में सबसे अधिक 7 मरीज दुर्ग जिले में मिले। वहां एक्टिव मामले बढ़कर 56 तक पहुंच गए हैं। इसके अलावा रायपुर में 5 केस मिले। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों में प्रदेश के 7 जिलों में बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, महासमुंद, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, सूरजपुर और नारायणपुर में एक भी मरीज नहीं मिला। वहीं राजनांदगांव, गरियाबंद, बिलासपुर, कोरबा और कोरिया में एक-एक मरीज मिले हैं।




