रायपुर (एजेंसी)। छत्तीसगढ़ में गुरुवार का दिन भी कोरोना के मामले में राहत भरा रहा। 2,454 नए केस मिले हैं, जिसमें दुर्ग में सबसे ज्यादा 286 संक्रमितों की पुष्टि हुई है। कोरोना से प्रदेश में 12 लोगों की जान भी चली गई। प्रदेश में पॉजिटिविटी दर भी कम हुई है, लेकिन कोरोना से मौत के आंकड़े अब भी 10 से ऊपर है। रायपुर, दुर्ग, कांकेर, राजनांदगांव व बिलासपुर में सबसे ज्यादा केस मिले हैं। प्रदेश में अभी 20,081 सक्रिय मरीज हैं। छत्तीसगढ़ में इस महामारी से अब तक 13,895 लोगों की जान जा चुकी है।

स्वास्थ्य विभाग के राज्य कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार को प्रदेश में 2,454 नए केस मिले हैं, जिसमें सबसे ज्यादा दुर्ग में 286 नए संक्रमित मिले हैं। इसके बाद रायपुर में 284, राजनांदगांव में 192, कांकेर में 163, बिलासपुर में 156, बलरामपुर में 104, कोंडागांव में 97, कबीरधाम व कोरबा में 92-92, रायगढ़ में 90, धमतरी में 88, महासमुंद में 87, बस्तर में 81, मुंगेली में 77, नारायणपुर में 71, बेमेतरा में 68, जांजगीर-चांपा में 54 नए केस मिले हैं। प्रदेश के 11 जिलों में 1 से 50 के बीच मरीज मिले हैं। प्रदेश में अब कुल सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 20,081 पहुंच गई है।
प्रदेश में पॉजिटिविटी दर 5.87 प्रतिशत
गुरुवार को 41 हजार 826 सैंपलों की जांच की गई। प्रदेश में पॉजिटिविटी दर 6.15त्न से घटकर 5.87त्न हो गई है। कोरोना संक्रमण से दुर्ग, जांजगीर-चांपा में 2-2, राजनांदगांव, बालोद, धमतरी, बलौदाबाजार, महासमुंद, बिलासपुर कोरिया व दंतेवाड़ा में 1-1 की मौत हुई है। हॉस्पिटल से 140 लोग डिस्चार्ज हुए तो वहीं 3,696 लोगों ने होम आइसोलेशन पूरा किया है। राज्य नोडिल अधिकारी डॉ. सुभाष मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में पॉजिटिविटी दर कम हुई है। उन्होंने प्रदेशवासियों से कोरोना से बचाव की गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।




