क्रिस रॉक ने ऑस्कर 2023 की मेजबानी करने का प्रस्ताव ठुकरा दिया है। आपको 94वें अकादमी पुरस्कार के दौरान हुआ थप्पड़ कांड याद है?….हां वही कांड जब अभिनेता विल स्मिथ ने मंच पर आकर कॉमेडियन और अभिनेता क्रिस रॉक के गालों पर थप्पड़ जड़ दिया था। याद है न! बस उसी विवाद की वजह से क्रिस रॉक ने 2023 में आयोजित होने वाले ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी की मेजबानी करने से इनकार कर दिया। हालांकि विल स्मिथ ने क्रिस रॉक से माफी भी मांगी थी। लेकिन, शायद क्रिस रॉक इस घटना को भूल नहीं पाए हैं।
एरिज़ोना रिपब्लिक के अनुसार, रविवार को एरिज़ोना के फीनिक्स में एरिज़ोना फाइनेंशियल थिएटर में एक कॉमेडी शो के दौरान, क्रिस ने इस बात का खुलासा किया। ऑस्कर 2023 के लिए मेजबानी के प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए, क्रिस रॉक ने कहा, यह तो वही बात हुई कि आप किसी को उसी घटना स्थल पर जाने के लिए कह रहे हो जहां उसकी मृत्यु हुई हो।
2022 के ऑस्कर समारोह के दौरान क्रिस ने विल की पत्नी जैडा पिंकेट स्मिथ के हेयरस्टाइल का मजाक बनाकर अपने ऑस्कर गिग की शुरुआत की थी। बता दें कि बीमारी की वजह से जैडा की यह हालत हो गई थी। इसलिए, विल अपनी पत्नी पर किए गए मजाक को बदार्शत नहीं कर पाए और उन्होंने क्रिस को मंच पर जाकर थप्पड़ मार दिया। विवाद बढऩे के बाद, विल ने दो बार माफी भी मांगी। लेकिन क्रिस, विल का थप्पड़ भूल नहीं पा रहे हैं।
माफी वीडियो में, विल ने कहा मैं रॉक से माफी मांगने गया था लेकिन वह बात करने के लिए तैयार नहीं थे। मैं मीडिया के जरिए क्रिस से कहना चाहता हूं, मैं आपसे माफी मांगता हूं। मेरा व्यवहार अस्वीकार्य था और जब भी आप बात करने के लिए तैयार होते हैं तब मैं आपसे आकर माफी मागूंगा।




