रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण को लेकर राहत का सिलसिला लगातार जारी है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना संक्रमण की दर 0.14 प्रतिशत है, वहीं रिकवरी दर 98 फीसदी से अधिक हो गई है। नए संक्रमण के मामलों में गिरावट का असर यह है कि बीते 24 घंटों में प्रदेश के 17 जिलों से एक भी कोरोना का मामला सामने नहीं आया। शेष 11 जिलों में कोरोना के 20 नए मामले सामने आए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कुल 23 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। अब तक प्रदेश में 10 लाख 4 हजार 864 लोगों कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। वहीं 9 लाख 90 हजार 930 लोग स्वस्थ हुए। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में एक भी मौत दर्ज नहीं किया गया है। कोरोना से मरने वालों का कुल आंकड़ा 13 हजार 558 है। फिलहाल प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या 376 है।
देश में नए संक्रमितों का आंकड़ा 27 हजार 254
देश में भी कोरोना को लेकर बीते 24 घंटों के आंकड़े राहत देने वाले हैं। बीते 24 घंटों के दौरान देश में 27,254 नए मामले दर्ज किए गए, जबकि 219 संक्रमितों की मौत हो गई। वहीं, 37,687 मरीज इस बीमारी को मात देकर घर लौट गए। देश में अब तक कुल 3 करोड़ 32 लाख 64 हजार 175 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। वहीं अब तक 3 करोड़ 24 लाख 47 हजार 32 लोगों ने कोरोना की जंग जीती है। अब तक कोरोना महामारी के कारण देश में 4 लाख 42 हजार 874 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। देश में फिलहाल सक्रिय मरीजों की संख्या 3 लाख 74 हजार 269 है। वहीं अब तक 74 करोड़ 38 लाख 37 हजार 643 टीके लग चुके हैं।




