निगम की सामान्य सभा के पहले विधायक ने दी एकजुटता की नसीहत
दुर्ग । नगर निगम दुर्ग में कांग्रेस परिषद आने के बाद तीसरे बजट सम्मिलन के पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कांग्रेसी पार्षदों एवं संगठन के पदाधिकारियों के साथ मैराथन बैठक की। कांग्रेस भवन में आयोजित बैठक में वोरा ने कांग्रेस पार्षदों को एकजुट होकर विपक्ष का सामना करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार आने के बाद जिस तरह से विकास कार्यो के लिए राशि लगातार जारी कराई जा रही है उससे विपक्ष के पेट मे दर्द उठ रहा है। मुख्यमार्ग चौड़ीकरण, ठगड़ा बांध सौंदर्यीकरण, शंकर नाला सुदृढ़ीकरण जैसे अभूतपूर्व कार्य कांग्रेस की परिषद ने ही कराए हैं।

जहां एक तरफ वार्डों के अंदरूनी विकास के लिए करोड़ों के विकास कार्य प्रारंभ होंगे वहीं समग्र विकास को देखते हुए नेहरू नगर चौक से अंजोरा का 118 करोड़ से सड़क चौड़ीकरण, 100 करोड़ से पुलगांव चौक से अंडा फोरनेल, धमधा रोड, 14 करोड़ का ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट, 15 करोड़ का बहुप्रतीक्षित ऑडिटोरियम, 11 करोड़ का ट्रांजिट हॉस्टल, 4 करोड़ की लागत से होने जा रहा शिवनाथ नदी मुक्तिधाम मार्ग, एवं गौरव पथ उन्नयन पर भी 5 करोड़ खर्च किए जाएंगे। निस्तारी एवं जल संवर्धन को दृष्टिगत रखते हुए 4 करोड़ से अधिक की राशि खर्च कर शहर के तालाबों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसी वर्ष शहर में 2 आउटडोर स्टेडियम एवं ओलिंपिक स्तर के स्वीमिंग पूल का कार्य प्रारंभ करने भी प्रयास किया जाएगा।
1.37 करोड़ से शहर के अंदरूनी चौक चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सोलर एवं हाई मास्ट लाइट से प्रकाश व्यवस्था कराने का कार्य नव वर्ष के प्रथम दिवस से ही प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने पटरी पार के क्षेत्र में जल भराव की समस्या से निजात दिलाने के प्रयासों में बड़ी सफलता हेतु क्षेत्र के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि 4.8 करोड़ की सुदृढ आरसीसी नालियों एवं नालों के निर्माण से शहर के आउटर वार्डों में आने वाले दिनों में बेहतर ड्रेनेज सिस्टम मिलेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने ही दुर्ग शहर के विकास के पहियों को गति दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री समेत गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू एवं निकाय मंत्री शिव डहरिया को भी जनभावनाओं के अनुरूप राशि स्वीकृत करने हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया है।




