भिलाई। कलामंदिर सिविक सेंटर में भारत के प्रथम प्रधनमंत्री जवाहर लाल नेहरू के व्यक्तित्व पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। व्याख्यान में प्रदेश में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्य वक्ता के रूप में पुरुषोत्तम अग्रवाल शामिल हुए जिन्होंने नेहरू जी की कल्पना का भारत विषय पर आकर्षण वक्तव्य दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नेहरू व गांधी का नाम लेते हुए भाजपा को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि एकता में अनेकता पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, महात्मा गांधी व सरदार पटेल की देन है। देश में आज इन्हीं विभुतियों की चर्चा होती है न कि सावरकर व मुखर्जी की। सीएम बघेल ने मौजूदा स्थितियों को लेकर भाजपा को घेरा और कहा कि देश में विदेश नीति कहां है। अफगानिस्तान की समस्या पर हमारे प्रधानमंत्री ने कुछ नहीं कहा लेकिन क्या आज नेहरू जी होते तो क्या वे चुप रहते।
सीएम बघेल ने वक्ता पुरुषोत्तम अग्रवाल की तारीफ करते हुए कहा कि इन्होंने वाट्सएप यूनिवर्सिटी को लेकर अच्छी बातें कहीं। उन्होंने कहा कि वाट्सएप युनिवर्सिटी में गांधी व नेहरू जी को लेकर झूठ फैलाया जाता है। लोगों को इस यूनिवर्सिटी से बाहर निकलकर नेहरू जी पर लिखी अच्छी किताब पढऩी चाहिए। सीएम बघेल ने विभाजन का जिक्र करते हुए कहा कि वे सावरकर ही थे जिन्होंने दो देश की बात कही थी जिस पर जिन्ना ने प्रस्ताव बनाया और ये लोग कांग्रेस को दोष देते हैं।
सीएम बघेल ने कहा कि एकता में अनेकता की बात महात्मागांधी व नेहरू ने ही कही थी। उन्होंने केन्द्र सरकार की नीतियों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र कहां है। किसान आंदोलन कर रहे हैं, कोई आवाज उठाता है तो उसे देश द्रोही कहा जाता है। देश में कोयले की कमी है डीएपी की कमी है लेकिन इसे लेकर कोई कुछ नहीं कहता।
सीएम बघेल ने कार्यक्रम के दौरान नेहरू जी की कल्पना का भारत पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि नेहरू की जी कल्पना का भारत देखना है तो भिलाई को देख लें। यह शहर नेहरू जी की देन है। आजादी के बाद नेहरू जी ने इसकी नींव रखी। भिलाई को मिनी भारत कहा जाता है यहां देश के सभी राज्यों के लोग निवासरत हैं। भिलाई की तरह की नेहरू जी ने देश की कल्पना की थी। सीएम बघेल ने अंत में कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, प्रेम साय सिंह ठेकाम, भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव सहित अन्य केबिनेट मंत्री, विधायक व बड़ी संख्या में भिलाई शहर जिला कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




