नई दिल्ली (एजेंसी)। संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन एक तरफ पीएम नरेंद्र मोदी ने सांसदों से सदन में शांति बनाए रखने की अपील की तो वहीं कोरोना के नए ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर सावधान रहने की भी अपील की। यही नहीं उन्होंने देशवासियों से भी अपील करते हुए कहा कि दुनिया में कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर चिंता जताई जा रही है। ऐसे में हमें सावधान रहने की जरूरत है। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले सत्र के बाद कोरोना की विकट स्थिति में भी देश ने 100 करोड़ से ज्यादा कोरोना टीके लगाए हैं। इस दिशा में हम और तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कोरोना के नए वैरिएंट की खबरें हमें और सतर्क रहने को कहती हैं। मैं सभी लोगों और अपने संसद के साथियों से आग्रह करता हूं कि वे सतर्क रहें। देश के 80 करोड़ से अधिक नागरिकों को कोरोना काल में और अधिक दिक्कत न हो, इसके लिए पीएम गरीब कल्याण अन्ना योजना के तहत मुफ्त राशन दिए जाने की योजना चल रही है। इस स्कीम को अब मार्च, 2022 तक के लिए बढ़ा दिया गया है। एक तरफ पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मिलने वाले मुफ्त राशन की अवधि को अगले साल मार्च तक बढ़ाया जाना और अब पीएम नरेंद्र मोदी की इस अपील ने कोरोना के चलते नई आफत के संकेत दिए हैं।
फिर बढ़ी मुसीबत तो इकॉनमी समेत तमाम चीजों के लिए होगी बुरी खबर
ऐसे में पीएम नरेंद्र मोदी की अपील, इंटरनेशनल यात्रियों के लिए ट्रैवल गाइडलाइंस और पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के विस्तार से संकेत मिल रहे हैं कि संकट एक बार फिर से गहरा सकता है। बीते करीब 5 महीनों से कोरोना केसों में लगातार कमी देखने को मिल रही है। ऐसे में अब एक बार फिर से संकट बढ़ता है तो यह देश के लिए बुरी खबर होगी, जो अर्थव्यवस्था, शिक्षा समेत तमाम मामलों में उबरने की कोशिश में लगा है।




