नई दिल्ली (एजेंसी)। एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने एक बड़ी राहत दी है। दरअसल, अब ग्राहक अपने मनमुताबिक डिस्ट्रीब्यूटर चुन सकेंगे। मतलब ये हुआ कि अब ग्राहक तय करेंगे कि उन्हें किस डिस्ट्रीब्यूटर से गैस सिलेंडर भरवानी है। वर्तमान में ग्राहकों को किसी एक डिस्ट्रीब्यूटर से गैस सिलेंडर भरवाने के लिए बाध्य होना पड़ता है।

दरअसल, लोकसभा में कुछ सांसदों ने ये सवाल किया था कि क्या एलपीजी ग्राहक ये तय कर सकते हैं कि उन्हें किस डिस्ट्रीब्यूटर से सिलेंडर रिफिल करानी है। इस सवाल पर पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने नई सुविधा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एलपीजी ग्राहक को रिफिल अपनी पसंद के डिस्ट्रिब्यूटर से लेने का विकल्प दिया गया है। अब उपभोक्ता अपने हिसाब से रिफिल बुक करने के लिए डिस्ट्रीब्यूटर का चयन कर सकते हैं।

कैसे होगा लागू: पेट्रोलियम राज्य मंत्री ने अपने लिखित जवाब में इस सुविधा के बारे में विस्तार से बताया है। उन्होंने बताया कि रजिस्टर्ड लॉगिन का उपयोग करके मोबाइल ऐप या ओएमसी वेब पोर्टल के जरिये डिस्ट्रीब्यूटर का चयन कर सकते हैं। इसके साथ ही ग्राहक सिलेंडर डिलीवरी करने वाले वितरक की रेटिंग भी देख सकेंगे। यह रेटिंग डिस्ट्रीब्यूटर के पहले के प्रदर्शन पर आधारित होगी। मतलब ये हुआ कि आप खराब रेटिंग वाले वितरक से पहले ही अलर्ट हो सकते हैं।
मंत्री ने बताया कि रेटिंग के साथ मोबाइल ऐप या तेल कंपनियों के पोर्टल पर वितरकों की पूरी सूची भी दी जाएगी। एलपीजी रिफिल की डिलीवरी के लिए ग्राहक को अपने इलाके की लिस्ट में से किसी भी डिस्ट्रीब्यूटर को केवल टैप कर या क्लिक कर चुन सकते हैं। ये सुविधा देश के कुछ शहरों में शुरू की गई है लेकिन सरकार इसे देशभर में लागू करने का इरादा रखती है।




