मुंबई (एजेंसी)। कॉर्डेलिया क्रुज से प्रतिबंधित ड्रग्स जब्त किए जाने के मामले में गिरफ्तार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान, अरबाज सेठ मर्चेंट और मुनमुन धमेचा को 7 अक्टूबर तक एनसीबी की हिरासत में भेज दिया गया है। इससे पहले बहस के दौरान आर्यन खान की तरफ से उनके वकील ने कहा कि उनके पास से कुछ भी बरामद नहीं हुआ है। उनके दोस्त के पास 6 ग्राम चरस थी, जिससे आर्यन का कोई ताल्लुक नहीं।
आर्यन के वॉट्सऐप चैट्स आए सामने
दूसरी तरफ एनसीबी के वकील ने अनिल सिंह ने कोर्ट को आर्यन खान का कथित वॉट्सऐप चैट दिखाया, जिसमें वह अज्ञात लोगों से चरस खरीदने और पैसों की लेन-देन की बात कर रहे हैं। अनिल सिंह ने कहा कि आर्यन कोडवर्ड में चैटिंग करता था और इसे डीकोड करने के लिए कस्टडी जरूरी है।
क्या बोले आर्यन के वकील सतीश मानशिंदे
इससे पहले आर्यन के वकील सतीश मानशिंदे ने कहा, सच्चाई यह है कि आर्यन को क्रुज पर हिरासत में नहीं लिया गया। वह वहां स्पेशल गेस्ट के तौर पर इनवाइटेड थे और एक दोस्त के साथ वहां गए थे। क्रूज पर जाने के लिए एक भी पैसा नहीं दिया और न ही किसी ऑर्गनाइजर को जानते हैं। जो पंचनामा तैयार किया गया है, उसमें मोबाइल के अलावा किसी तरह की बरामदगी नहीं दिखाई गई है। दोस्त (अरबाज मर्चेंट) को इसलिए गिरफ्तार किया गया, क्योंकि उनके पास 6 ग्राम चरस थी।
इंटरनेशनल ड्रग ट्रैफिकिंग….
मानशिंदे ने आगे कहा, जो बरामदगी दिखाई गई हैं, वे दूसरे आरोपियों से हुई हैं और उसे आर्यन से जोड़ा जा रहा है। पूछताछ के दौरान मेरे वॉट्सऐप चैट्स डाउनलोड किए गए। अब यह दावा किया जा रहा है कि मैं इंटरनेशनल ड्रग ट्रैफिकिंग से जुड़ा हुआ हूं।




