भिलाई। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन व भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गारगी शंकर मिश्र के संयुक्त प्रयास से पावर हाउस मार्केट अब आदर्श बाजार के रूप में स्थापित होगा। इस मुहिम के संबंध में आज चेम्बर पदाधिकारियों की टीम के साथ भिलाई नगर निगम के जोन आयुक्त अमिताभ शर्मा एवं उनके अधिकारियों ने पावर हाउस बाजार में जवाहर मार्केट से सब्जी मार्केट, अनाज मंडी, सर्कुलर मार्केट, फल मंडी मार्केट व लिंक रोड का सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान बाजार में आधुनिक शौचालय सहित पुरूष एवं महिलाओं के लिए अलग- अलग यूरिनल बनाये जाने के लिए जगह देखी गई। साथ ही पावर हउस ओवर ब्रिज के नीचे एक अच्छी पार्किंग व्यवस्था का निर्माण करने व सब्जी मार्केट में साफ सफाई की व्यवस्था दुरूस्त करने चर्चा की गई। इस दौरान मार्केट के सभी मार्गों को व्यवस्थित करने एवं सर्कुलर मार्केट में पानी टंकी के नीचे एक बड़ा आधुनिक पिंक टॉयलेट का निर्माण किये जाने पर सहमति बनी। वहीं सर्कुलर मार्केट में मार्गों का पुनर्निर्माण कर पेवर ब्लाक लगाने तथा सब्जी मार्केट प्रवेश द्वार से बागड़े फूल भंडार को आने वाली रोड में टूटी नालियों की मरम्मत करने की भी बात की गई।
फल मंडी में आज के दौरे के दौरान व्यापारियों ने जोन आयुक्त से अपील करते हुए कहा हम सभी साफ सफाई को लेकर प्रतिबद्ध हैं, यदि निगम द्वारा नियमित तौर पर यहां कचरा उठाव के लिए गाड़ी भेजी जाये और सफाईकर्मी कार्य करें तो हम निश्चित ही बाजार को स्वच्छ बना सकते हैं। इस दौरान लिंक रोड के व्यापारियों ने उन्हें शौचालय का स्थान दिखाया एवं लिंक रोड किस प्रकार से हरा भरा किया जाए उन स्थानों को चिन्हित किया गया। भिलाई चेंबर अध्यक्ष मिश्र ने कहा कि बाजारों की प्रत्येक स्थानों पर दुकानों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरा लगाने की जिम्मेदारी मार्केट एसोसिएशन के द्वारा की जाएगी। चेम्बर प्रदेश महामंत्री भसीन ने कहा पावर हाउस बाजार भिलाई का सबसे पुराना बाजार एवं इनमें सभी प्रकार के बाजार बाजारों का समावेश है इसलिए इसे आदर्श बाजार बनाने में भिलाई चेंबर की अहम भूमिका रहेगी। दौरे में प्रेमरतन गहलोत, सुनील मिश्रा, सौरभ सिंह, मनोज मखीजा, पिंटू तिवारी, शिवराज शर्मा तथा अनेक व्यापारी शामिल रहे।




