सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का ‘आदिवासी क्षेत्रों में खेलों का विकास’ विषयक वेबिनार
बस्तर (पीआईबी) । बस्तर के खिलाडिय़ों में जीत की असीमित क्षमता है, जरूरत है उसे सही दिशा देने की। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत सरकार द्वारा किए जा रहे विविध प्रयासों से खिलाडिय़ों को सही दिशा मिल रही है । वे राज्य व राष्ट्र स्तर पर अपनी जीत का डंका बजा रहे हैं। ये उद्गार सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रादेशिक लोकसंपर्क कार्यालय रायपुर, पत्र सूचना कार्यालय रायपुर व क्षेत्रीय लोकसंपर्क कार्यालय जगदलपुर द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के तहत ‘आदिवासी क्षेत्रों में खेलों का विकास’ विषयक जागरूकता वेबिनार में पद्मश्री धर्मपाल सैनी ने व्यक्त किए । उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के तहत खेलों के उत्थान के लिए किए गए विविध प्रयास साकार होते दिख रहे हैं। खेल और खिलाडिय़ों पर ध्यान देने के सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के खिलाडिय़ों को भी स्तरीय सुविधाएं मिलने लगी है।
पद्मश्री सैनी ने बताया कि बस्तर क्षेत्र के जनजातीय समाज में प्राकृतिक प्रदत्त जीत की क्षमता है। उन्हें हार से जीत निकालने और जीत में बड़ी जीत हासिल करने के लिए प्रेरित करना होगा। उन्होंने कहा कि खेल अपने आप में एक जिद पैदा करता है। अपने द्वारा किए गए प्रयासों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज मैराथन जैसे ताकत वाले प्रतियोगिताओं में ज्यादा सफल होते हैं। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर में चल रहे आईडब्ल्यूएल का उदाहरण देते हुए बताया कि बस्तर जैसे क्षेत्र के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपना लोहा मनवा रहे हैं ।
वेबिनार में पद्मश्री धर्मपाल सैनी ने कहा कि वर्तमान में स्कूलों में खेल की व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। इसे विश्वविद्यालय स्तर पर और भी मजबूती प्रदान करने की आवश्यकता है। उन्होंने तीसरी कक्षा से ही खिलाडिय़ों को खेल में उतारने की आवश्यकता जताई व पांचवीं से प्रशिक्षण शुरू करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों के चयन में अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है।
जगदलपुर के प्रभारी संभागीय क्रीड़ा अधिकारी रविन्द्र पटनायक ने कहा कि बस्तर के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। खिलाडिय़ों तक केंद्र व राज्य सरकार द्वारा विविध प्रकार की खेल योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी सुविधा मिलने पर अपनी ओर से बेहतर प्रयास करते हैं।
वेबिनार में शशांक शेंडे ने राष्ट्रीय स्तर पर नाम अर्जित करने वाले खिलाड़ी दुखी रात्रे व नयना धाकड़ के प्रयासों पर प्रकाश डाला। इससे पहले सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के रायपुर प्रक्षेत्र के अपर महानिदेशक अभिषेक दयाल ने कहा कि भारत सरकार खेल को प्रोत्साहन देने के लिए सतत प्रयासरत है। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर स्वयं खेल को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं । उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में खेल की अपार संभावनाएं हैं। इसे सही दिशा मिलने पर बेहद सार्थक परिणाम सामने आएंगे। एडीजी ने केंद्र सरकार की विविध खेल योजनाओं के बारे में संक्षिप्त में जानकारी दी।
वेबिनार में प्रादेशिक लोकसंपर्क कार्यालय रायपुर के विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी व कार्मिक, गीत-नाटक दल के कलाकार, विभिन्न खेलों से जुड़े संघ के अधिकारी-पदाधिकारी शामिल रहे। वेबिनार के संयोजन में क्षेत्रीय लोकसंपर्क कार्यालय जगदलपुर के प्रभारी अधिकारी बीएस ध्रुव की भूमिका रही। आभार पत्र सूचना कार्यालय रायपुर के कार्यालय प्रमुख सुनील तिवारी ने माना।




