नई दिल्ली (एजेंसी)। सेना भर्ती को लेकर केंद्र सरकार द्वारा लाई गई अग्निपथ योजना को लेकर देश के कई राज्यों में विरोध तेज हो गया है। दिल्ली, यूपी, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, और उत्तराखंड में युवा प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर आए हैं। विरोध का सबसे ज्यादा असर बिहार में देखा जा रहा है। कई जगह युवा रेलवे ट्रैक पर भी उतरे हैं और ट्रेनों की आवाजाही को रोक दिया है। बिहार के कई स्टेशनों पर ट्रेन पर पथराव किया गया है।
सेना में भर्ती के लिए सरकार की ओर से घोषित की गई अग्निपथ स्कीम का तीव्र विरोध देश के राज्यों में शुरू हो गया है। मंगलवार को इस स्कीम का ऐलान किया गया था और बुधवार सुबह ही बिहार के कई जिलों में छात्रों ने इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। यही नहीं गुरुवार को एक बार फिर से मुंगेर, कैमूर, सहरसा, छपरा समेत कई जिलों में छात्र विरोध के लिए उतरे हैं।
कैमूर में छात्रों ने इंटरसिटी एक्सप्रेस को आग के हवाले कर दिया तो कई जगहों पर सड़क जाम कर टायरों में आग लगाकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके अलावा दिल्ली-जयपुर हाईवे को भी छात्रों ने राजस्थान में जाम कर दिया है। यूपी के बरेली में सेना की तैयारी कर रहे युवाओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। बिहार से शुरू इस आंदोलन की आग देश के अलग-अलग राज्यों में फैल रही है।

अग्निपथ के खिलाफ कटिहार पूर्णिया नेशनल हाईवे सड़क को छात्रों ने किया जाम
छात्रों ने कटिहार पूर्णिया सड़क मार्ग को जाम कर दिया है। छात्र काफी आक्रोशित हैं और केंद्र सरकार से अग्निपथ जैसे नियमों को रद्द करने की मांग कर रहे हैं।छात्रों ने कहा कि 2 साल से वह लोग मेडिकल पास है लेकिन परीक्षा नहीं ली जा रही है। जब कटिहार पहुंचकर अधिकारी से बातचीत करते हैं तो कहा जाता है कि परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। परीक्षा कब होगी इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। इसी बात से छात्र आक्रोशित हैं। सड़क जाम की सूचना पर मुफस्सिल थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार सीओ सोनू भगत के साथ-साथ कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास में जुटे हैं।
आंदोलन के चलते भागलपुर में थमे ट्रेनों के पहिये
अभ्यर्थियों के आंदोलन के चलते विक्रमशिला एक्सप्रेस भागलपुर से आनंद विहार के लिए समय पर रवाना नहीं हो सकी। रवाना होने का समय 11.50 बजे है। अब तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी है। मालदा-किऊल इंटरसिटी भी भागलपुर स्टेशन पर खड़ी है। गरीब रथ को नाथनगर स्टेशन पर रोक दिया गया है। आक्रोशित छात्रों ने कई जगह पर रेल पटरी का पैंडू क्लिप खोल दिया है। जब तक ट्रैक फिट नहीं होगा, ट्रेन सेवा शुरू नहीं हो सकेगी।




