जम्मू (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर में पुंछ जिले के भाटादूडिय़ां जंगल में तलाशी अभियान के दौरान रविवार सुबह आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फिर गोलाबारी कर दी। इसमें तीन जवान जख्मी हो गए जबकि पाकिस्तानी आतंकी जिया मुस्तफा मारा गया। इलाके में अभी भी ऑपरेशन चल रहा है। घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राजोरी-पुंछ जिले की सीमा पर लगे भाटादूडिय़ां इलाके में 14 दिन से आतंकियों की तलाश की जा रही है। इस इलाके में आतंकियों के हमले में अब तक सेना के नौ जवान शहीद हो चुके हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके में आतंकियों के ठिकानों के बारे में पता लगाने के लिए सेना और पुलिस की संयुक्त टीम लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े पाकिस्तानी आतंकवादी जिया मुस्तफा को साथ लेकर गई थी।
जब टीम जंगल में पहुंची तो आतंकियों ने उस पर गोलाबारी शुरू कर दी। इसमें आतंकी समेत दो पुलिसकर्मी और सेना का एक जवान घायल हो गया था। भारी गोलीबारी के कारण आतंकी को मौके से बाहर नहीं लाया जा सका। इसके बाद अतिरिक्त जवान मौके पर भेजे गए। दोपहर बाद मुस्तफा के शव को मुठभेड़ स्थल से बरामद कर लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के रावलकोट का रहने वाला मुस्तफा पिछले 14 साल से कोट भलवाल जेल में बंद था। मुस्तफा दक्षिण कश्मीर से गिरफ्तार होने से पहले इसी रास्ते से घुसपैठ कर आया था जहां अभी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।




