दुर्ग। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा के निवास में लंबे समय से समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा राखी, दीवाली, होली आदि का त्योहार धूमधाम से मनाया जाता रहा है। इस बार ,रंगों एवं एकता के त्योहार होली के दिन शहर वासियों एवं कांग्रेसियों द्वारा रंगोत्सव धूमधाम से मनाया ही गया उसके बाद भी त्यौहार का उत्साह लगातार जारी है।


बुधवार को शहर भर के महिला संगठनों की बहनों एवं महिला कांग्रेस से जुड़ी पदाधिकारियों ने वोरा निवास में जमकर समां बांधा। फूलों एवं पंखुडिय़ों से धूमधाम से होली खेल कर फाग गीत गाया। शहर के लगभग सभी वार्डों से आई महिलाओं ने विधायक वोरा एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मंजू वोरा को होली की बधाई दी ।

वोरा ने सभी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि शहर की माताओं एवं बहनों का आशीर्वाद ही उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी है। जिस तरह से सभी वर्ग एवं धर्म की महिलाओं द्वारा उत्साह के साथ फूलों की होली कार्यक्रम का आयोजन किया है यह अपने आप मे दुर्ग की संस्कृति एवं परंपरा का एक उदाहरण है।

होली के त्यौहार का अपना एक महत्व है एकता भाई चारे का संदेश देने के साथ ही यह त्यौहार हमें भक्त प्रह्लाद के माध्यम से ईश्वर पर विश्वास एवं अटूट आस्था बनाए रखने भी प्रेरित करता है। उन्होंने सभी के प्रति आभार जताते हुए शहर वासियों की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।




