सूरत (एजेंसी)। गुजरात के तापी जिले में सोनगढ़ मांडल टोल नाके पर गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सीधे टोल नाके में जा घुसी। हादसे में बारातियों और टोल नाके के 3 कर्मचारियों समेत 15 लोग घायल हो गए। बस ड्राइवर, कंडक्टर सहित चार की हालत गंभीर है। इन सभी को नजदीक के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार बारातियों से भरी बस महाराष्ट्र से सूरत की ओर जा रही थी। बस में करीब 40 बाराती सवार थे। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार से टोल नाके के ब्रेकर को लांघते हुए सीधे कैबिन में जा घुसी। इससे कैबिन में बैठी महिला कैशियर को चोट आई है। वहीं कैबिन के पास खड़ी एक महिला और एक पुरुष कर्मचारी भी घायल हो गया। बस की टक्कर के बाद टोल नाके का कैबिन पूरी तरह से बर्बाद हो गया और वहां रखी मशीनें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके अलावा सीसीटीव कैमरे भी टूट गए।




