मुंबई (एजेंसी)। भारत के पूर्व कप्तान और नेशनल क्रिकेट अकेडमी के डायरेक्टर राहुल द्रविड़ भारत के अगले कोच होंगे। इसकी पुष्टि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सूत्रों ने न्यूज एजेंसी से की है। जानकारी के मुताबिक, द्रविड़ बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली से बातचीत के बाद टीम इंडिया के हेड कोच का रोल निभाने को तैयार हो गए हैं। यह बातचीत शुक्रवार रात को आईपीएल फाइनल के दौरान हुई।

सूत्रों के मुताबिक, द्रविड़ को इस पद के लिए 10 करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें बोनस भी मिलेगा। मौजूदा कोच रवि शास्त्री की सैलरी 8.5 करोड़ रुपये है। द्रविड़ 17 अक्तूबर से 14 नवंबर तक होने वाले टी-20 विश्व कप के बाद पद संभाल लेंगे। उनका कार्यकाल दो वर्ष का होगा
टी-20 विश्व कप के ठीक बाद नवंबर में न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आएगी। इस दौरान 17 नवंबर से दोनों टीमों के बीच तीन टी-20 और दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। द्रविड़ इससे पहले इंडिया-ए और अंडर-19 टीम के कोच भी रह चुके हैं।
टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर
सूत्र के हवाले से न्यूज एजेंसी ने बताया कि द्रविड़ हेड कोच बनने के लिए तैयार हैं और टीम इंडिया के लिए इससे अच्छी खबर नहीं हो सकती। अब बाकी के स्थानों के लिए नए कोच ढूंढे जाएंगे। मौजूदा बैटिंग कोच विक्रम राठौड़ अपने पद पर बने रहेंगे। इसके साथ ही पारस म्हामब्रे गेंदबाजी कोच बनेंगे। वह मौजूदा बॉलिंग कोच भरत अरुण का स्थान लेंगे। फील्डिंग कोच आर. श्रीधर के रिप्लेसमेंट पर कोई फैसला नहीं किया गया है। भारतीय टीम फिलहाल बदलाव के दौर से गुजर रही है और युवा खिलाड़ी टीम में आ रहे हैं। सूत्र ने कहा कि कई युवा खिलाड़ी पहले भी द्रविड़ के साथ काम कर चुके हैं। इससे भारतीय क्रिकेट को भी आसानी होगी और टीम चैंपियन बनने की ओर अग्रसर हो सकेगी।




