भिलाई। भारतीय स्टेट बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय सेक्टर 01 भिलाई द्वारा कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक विजेता कु. आकर्षी कश्यप को विशेष अतिथि बुलाकर क्षेत्रीय प्रबंधक विभाष कुमार द्वारा सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से सहायक महाप्रबंधक रामदास अनु माझी के साथ साथ प्रबंधक (मा.सं.) बिदु किस्कू, एस बी आई अवार्ड स्टाफ एम्प्लोयी यूनियन भोपाल वृत के क्षेत्रीय सचिव क्षेत्र -2 अरुण कुमार वर्मा. संगठन सचिव (के.एस.एस) सरफराज अहमद खान एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

भारतीय स्टेट बैंक की महिला सदस्यों ने कु. आकर्षी कश्यप से उनके फिटनेस एवं समय प्रबंधन के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता पिता को दिया। उनके मुताबिक इस मुकाम में पहुचने में उनके माता-पिता का बहुत बड़ा योगदान है। उनका अगला लक्ष्य पेरिस ओलिंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने का है।
उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक के साथ एक ग्राहक के रूप में जुड़े होने का अनुभवों को साझा किया एवं स्टेट बैंक के द्वारा प्रदत्त सेवाओं पर संतुष्टि जाहिर की। सौभाग्यवश आज 24 अगस्त को उनका जन्मदिन भी था, जिसे उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक के प्रांगण में केक काटकर सभी स्टाफ सदस्यों की मौजूदगी में मनाया। सभी ने उनकी लम्बी उम्र एवं उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।




