नई दिल्ली (एजेंसी)। देश की तीन लोकसभा और 29 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आज आ रहे हैं। अभी तक आए परिणामों में अधिकतर स्थानों पर भाजपा का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। इसे लेकर कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार को निशाने पर लिया।
कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को उपचुनावों के परिणामों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर हमला बोला। पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा कि अहंकार छोडि़ए, तीनों कृषि कानूनों को वापल लीजिए और पेट्रोल और डीजल की लूट को तुरंत बंद करिए। पार्टी के महासचिव और मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने प्रधानमंत्री से कहा कि जनता की पीड़ा का तिरस्कार करना नुकसानदायक है।
सुरजेवाला ने एक ट्वीट में कहा, ‘तीन लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को दो पर हार मिली है। विधानसभा उपचुनावों में भाजपा उन अधिकतर सीटों पर हारी है जहां कांग्रेस से सीधा मुकाबला था। हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक और महाराष्ट्र इसके प्रमाण हैं। कांग्रेस ने हिमाचल की मंडी लोकसभा सीट और तीनों विधानसभा (फतेहपुर, अर्की और जुब्बल-कोटखाई) सीटों पर जीत हासिल की है।




