नई दिल्ली (एजेंसी)। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा ने सोमवार को राहुल गांधी से मुलाकात की। राजा के साथ सीएलपी नेता प्रताप सिंह बाजवा और कार्यकारी अध्यक्ष भारत भूषण आशु भी मौजूद रहे। हालांकि, इस मीटिंग से नवजोत सिंह सिद्धू और चरणजीत सिंह चन्नी गायब दिखे।
मालूम हो कि कांग्रेस ने शनिवार को पंजाब सरकार के पूर्व मंत्री अमरिंदर सिंह राजा को पीसीसी का अध्यक्ष और प्रताप सिंह बाजवा को विधायक दल का नेता नियुक्त किया। पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, भारत भूषण आशु को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही, राजकुमार छब्बेवाल को विधायक दल का उप नेता बनाया गया है।

चन्नी सरकार में परिवहन मंत्री थे अमरिंदर सिंह राजा
चरणजीत सिंह चन्नी सरकार में परिवहन मंत्री रहे अमरिंदर सिंह राजा पार्टी के तेजतर्रार युवा नेता माने जाते हैं। वह भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष बाजवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के करीबी माने जाते हैं। कुछ सप्ताह पहले तक राज्यसभा सदस्य रहे बाजवा पंजाब की कादियान विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने हैं।

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को आप से करारी हार मिली
हालिया विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को आम आदमी पार्टी से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इसके बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। सोमवार को प्रदेश नेताओं की राहुल से हुई मुलाकात से सिद्धू और चन्नी के नदारद रहने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इसे लेकर पार्टी ने अभी कोई बयान जारी नहीं किया है।