नई दिल्ली (एजेंसी)। भारत में कोरोना वायरस का प्रकोप अब कम होता दिख रहा है। देश में कोरोना के डेली केस पिछले पांच दिनों से 50 हजार के बेंच मार्क से नीचे आ रहे हैं। शुक्रवार को देश में बीते 24 घंटे में 46 हजार नए मामले दर्ज किए गए और मौत के रोजाना मामले भी हजार से नीचे ही रहे। वहीं, रिकवर होने वाले मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा जारी है। राहत की बात यह है कि अब देश में एक्टिव केसों की संख्या करीब पांच लाख रह गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 46,617 नए केस मिलने के साथ ही कुल मामलों की संख्या 3,04,58,251 हो गई। वहीं इसी दौरान 853 लोगों की मौतें हुई हैं। अब तक देश में कोरोना वायरस से मरने वालों का आंकड़ा चार लाख पार करके 400,312 हो गया है।
देश में एक्टिव केसों की संख्या में लगातार गिरावट जारी है और यह आंकड़ा अब 509637 आ पहुंचा है। बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस से 59,384 लोग रिकवर हुए हैं। इस तरह से अब तक कोरोना वायरस से 2,95,48,302 लोग ठीक हो चुके हैं। भारत में अब तक 34,00,76,232 टीकाकरण हो चुका है। कोरोना वायरस से ठीक होने वालों की संख्या पर गौर करें तो रिकवरी रेट बढ़कर 97.1 फीसदी हो गया है। वहीं साप्ताहिक प़जिटिविटी रेट 2.57 पर है।
छत्तीसगढ़ में मिले 410 नए केस, 6 मरीजों की हुई मौत
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में 410 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में 581 मरीज स्वस्थ हुए हैं। वहीं दूसरी ओर 24 घंटे में 6 मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई। प्रदेश में अब तक 13445 कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो चुकी है। नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि होने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9 लाख 94 हजार 890 हो गई है। छत्तीसगढ़ में अब तक 9 लाख 75 हजार 658 मरीज स्वस्थ हुए हैं। नए मरीज मिलने और डिस्चार्ज होने के बाद अब सक्रिय मरीजों की संख्या 5,787 हो गई है।
देश में टल रहा कोरोना का खतरा: 5 लाख रह गए एक्टिव केस… दैनिक मामले 50 हजार से नीचे…. एक हजार से कम हुई मौते
