भिलाई। पावर हाउस में बन रहे फ्लाईओवर के गड्ढे में डूबने से सोमवार को एक मासूम की मौत हो गई। दोपहर को अपने दोस्तों के साथ घूमने निकले 10 वर्षीय मासूम पावर हाउस के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास घूमने चला गया था। इधर फ्लाईओवर के लिए किए गए गड्ढे में पानी भरा हुआ था। यहीं पर हादसा हुआ और मासूम डूब गया। घटना के बाद उसके साथ वहां पहुंचे दोस्त घबराकर भाग गए। सोमवार देर रात को मासूम का शव बरामद किया गया। मामले में छावनी पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
छावनी पुलिस के अनुसार मृतक मासूम की पहचान अमन बंजारे पिता राकेश बंजारे के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि मासूम अमन सोमवार की दोपहर को अपने दोस्तों के साथ पावर हाउस में फ्लाईओवर तक घूमते घूमते हुए पहुंच गया था। यहां फ्लाईओवर के लिए गड्ढे किए हुए हैं जिसमें बारिश के कारण पानी भर गया है। यहां पानी देखते देखते अमन गड्ढे में गिर गया। यहां गहराई ज्यादा होने के कारण अमन डूब गया। यह देख उसके दोस्त घबरा गए और अपने अपने घर चले गए। देर शाम जब अमन का पिता राकेश बंजारे जब घर पहुंचा तो अमन के नहीं मिलने पर खोजबीन शुरू की। उसके दोस्तों से पूछने पर पूरी कहानी पता चली। तत्काल राकेश बंजारे ने पुलिस को इसकी सूचना दी और मौके पर पहुंच गया। यहां खोजबीन करने पर अमन का शव मिल गया। रात करीब 11 बजे शव को निकाला गया।
दर्दनाक हादसा: पावर हाउस में फ्लाईओवर के गड्ढे में डूबने से मासूम की मौत… दोपहर को निकला था दोस्तों के साथ घूमने, देर रात बरामद हुआ शव




