नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में लगातार पिछले कई दिनों से गिरावट जारी है लेकिन मौतों का आंकड़ा हर दिन डरा रहा है। लाखों संक्रमित मामले और हजारों की संख्या में मरीजों की मौत ने सरकार और प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 3.11 लाख मामले सामने आए, लेकिन चार हजार से ज्यादा लोगों ने एक ही दिन में कोरोना के आगे दम तोड़ दिया। बीते 24 घंटे में 4,077 मरीजों की जान चली गई है।
देश में कोरोना के दैनिक मामलों के साथ ही स्वस्थ्य होने वाले मरीजों की बढ़ती संख्या राहत दे रही है। पिछले 24 घंटों में 3,62,437 मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। देश में लगातार कुल संक्रमित मरीजों से ज्यादा ठीक होने वाले मरीजों की संख्या सामने आ रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 2 करोड़ 46 लाख 84 हजार 77 तक पहुंच गया है। वहीं अब तक देश में 2 करोड़ 7 लाख 95 हजार 335 मरीज स्वस्थ्य हो चुके हैं। देश में अब तक कुल 2 लाख 70 हजार 284 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं फिलहाल एक्टिव केस 36 लाख 18 हजार 458 हैं। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 18,32,950 लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया है। अबतक देश में 31,48,50,143 लोगों का टेस्ट किया जा चुका है।
भारत में कोरोना: नए मामलों में गिरावट जारी लेकिन मौत के आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता… बीते 24 घंटे में 4077 मौतें
