
भिलाई। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रिसाली क्षेत्र की महिलाओं ने कांग्रेस नेत्री व समाज सेविका सरीता साहू के नेतृत्व में स्कूटर रैली निकाली। रैली के माध्यम से महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। विशाल रैली में 150 से अधिक महिलाएं स्कूटर के साथ शामिल हुई। पंथी चौक सेक्टर-8 से शुरू हुई स्कूटर रैली विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करने के पश्चात सरीता साहू के निवास पर समाप्त हुई।
बता दें कि सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर शहर में विभिन्न आयोजन हो रहे हैं। इसी कड़ी में रिसाली क्षेत्र की महिलाओं ने स्कूटर रैली निकाली। रैली का नेतृत्व कांग्रेस नेत्री व समाज सेविका सरीता साहू ने किया। सुबह रैली का शुभारंभ पंथी चौक सेक्टर-8 से हुआ। यहां से निकलकर रैली रिसाली, मरोदा फ्लाईओवर होते हुए वापस ग्लोब चौक, सेंट्रल एवेन्यू से सेक्टर-9 होते हुए सरीता साहू के निवास पर समाप्त हुई।
महिलाओं को जागरुक करने का प्रयास
रैली के उद्देश्य को लेकर कांग्रेस नेत्री व समाज सेविका सरीता साहू ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं में जागरुकता का संदेश देने के लिए इस स्कूटर रैली का आयोजन किया गया। हमने रैली के माध्यम से एक प्रयास किया है। महिलाएं अपने अधिकार जाने व उसके लिए लड़े। सरीता साहू ने इस मौके पर सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी।




