नई दिल्ली (एजेंसी)। देश आज शहीदों की शहादत और शौर्यगाथाओं को याद करते हुए 21वां कारगिल विजय दिवस मना रहा है। 1999 में पाकिस्तान के साथ कारगिल में हुई जंग में आज ही के दिन भारतीय सेना के वीर जवानों ने अपने पराक्रम और वीरता के बल पर दुश्मन पर विजय प्राप्त कर तिरंगा लहराया था। इस मौके पर जहां देश के राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री तक ने वीरों को याद किया और सेना को सलाम किया वहीं फ्रांस ने भी भारतीय सैनिकों को सलामी दी है।
भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनिन ने एक ट्वीट कर लिखा, ‘KargilVijayDiwas2020 पर, फ्रांस भारतीय सशस्त्र बलों को श्रद्धांजलि देता है। फ्रांस हमेशा भारत के साथ खड़ा है। 1999 में मिराज 2000 से 2020 में राफेल तक। हमारी साझेदारी ऊंचाइयों को छू रही है।
बता दें कि कारगिल की जंग में फ्रांस के मिराज 2000 लड़ाकू विमानों ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इस खतरनाक लड़ाकू विमान के दम पर भारत के वायुसैनिकों ने दुश्मन के छक्के छुड़ाए थे और उन्हें घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था।




