रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच पिछले 24 घंटों में 115 नए मामलों की पुष्टि हुई है। खास बात यह है कि इस दौरान प्रदेश के विभिन्न कोविड अस्पतालों से 170 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। यानि भर्ती मरीजों से ज्यादा डिस्चार्ज मरीजों की संख्या रही। नए मरीजों में राजधानी रायपुर से सर्वाधिक 50 नए मामले सामने आए। प्रदेश अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 5731 हो गया है। वहीं अब तक 4114 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। इस बीच मंगलवार को कोरोना से एक मरीज की मौत भी हुई है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 29 हो गई है। अब प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या 1588 रह गई है।
राजधानी रायपुर में 50 नए मरीज मिलने के बाद कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1314 हो गया है। वहीं डिस्चार्ज हुए मरीजों में भी सर्वाधिक संख्या रायपुर से ही है। पिछले 24 घंटों में रायपुर के 82 मरीज स्वस्थ हुए हैं। जिसके बाद कुल सक्रिय मरीजों में कमी हुई है। जिले में एक्टिव केस की संख्या 620 है। अब तक 684 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। वहीं राजधानी में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 10 हो गया है। रायपुर के अलावा सामने आए नए मरीजों में कोण्डागांव से 23, बिलासपुर से 8, पेंड्रा, कोरिया व नारायणपुर से 5-5, कांकेर से 4, दंतेवाड़ा व जांजगीर से 3-3, बीजापुर, दुर्ग व बलरामपुर से 2-2, बस्तर, सुकमा व सरगुजा से 1-1 केस शामिल है।




