नई दिल्ली (एजेंसी)। देशभर में कोरोना संक्रमण रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। देशभर में मिलने वाले आंकड़ों को देखें तो अकेले महाराष्ट्र की भागीदारी इसमें अधिक है। हालांकि इन दिनों दक्षिण भारत के राज्यों में भी मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में एक बार फिर देशभर में 37 हजार से ज्यादा मामले सामने आए। इसमें अकेले महाराष्ट्र में 8 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा तमिलनाडू, आंध्रप्रदेश व कर्नाटका में संक्रमण के अत्याधिक मामल दर्ज किए गए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 37,724 नए मामले सामने आए हैं और 648 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 11,92,915 हो गई है। जिनमें से 4,11,133 सक्रिय मामले हैं, 7,53,050 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 28,732 लोगों की मौत हो चुकी है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में 21 जुलाई तक कोरोना के लिए परीक्षण किए गए नमूनों की कुल संख्या 1,47,24, 546 है। जिनमें से 3,43,243 नमूनों का परीक्षण पिछले 24 घंटे में किया गया है।
महाराष्ट्र में सामने आए 8240 नए मामले, 176 की मौत
महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 8240 नए मामले सामने आए हैं। इसी अवधि में यहां 176 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों का कुल आंकड़ा 12,030 तक पहुंच गया है। कुल पॉजिटिव केस बढ़कर 3 लाख 18 हजार 695 हो गया हैं। यहां 1 लाख 75 हजार 029 लोग इस महामारी को मात देकर ठीक भी हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान 5460 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। इधर मुंबई में बीते एक दिन में कोविड-19 के 1035 केस आए हैं, इसके बाद मुंबई में कुल मामलों की संख्या 1 लाख 2 हजार 423 हो गई है। मुंबई में एक्टिव मामलों की संख्या 23728 है, जबकि यहां बीते दिन 41 मौतों के बाद अब तक 5755 लोग कोरोना के चलते दम तोड़ चुके हैं। राज्य में रिकवरी रेट 54.92 प्रतिशत तक पहुंच गया है। यहां मृत्यु दर 3.77 प्रतिशत है। खास बात यह है कि मुंबई की 6.5 लाख जनसंख्या वाले धारावी में 24 घंटों के दौरान 36 नए मामले सामने आए। धारावी में अभी कोरोना पॉजिटिव केवल 143 मरीजों का इलाज चल रहा है।