देहरादून (एजेंसी)। देहरादून में एक बड़ा हादसा हो गया। मंगलवार की रात एक घर में सो रहे दो परिवार के 06 लोगों के लिए काल बनकर आई। देर रात राजधानी के इंद्राकॉलोनी में एक घर पर पुश्ता गिरने से मकान ढह गया। सूचना पाकर देर रात ही मौके पर पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी पहुंचे और राहत और बचाव कार्य किया गया।
चुक्खुवाला स्थित इंद्राकॉलोनी में मंगलवार रात दो बजे घर के पीछे प्लाट का पुश्ता गिरने से मकान ढह गया। हादसे में एक गर्भवती महिला, एक महिला, एक 09 साल की बच्ची की अभी तक मौत की पुष्टि हुई है। जबकि, एक युवती अभी मलबे में दबी है। दो पुरुषों में से एक रात में ड्यूटी पर चले गए थे जो सकुशल हैं और एक पुरुष और एक बच्चे को जीवित निकाला जा चुका है। दो परिवारों में से एक परिवार की महिला व उसकी बेटी की मौत हुई है, जबकि दूसरे परिवार की गर्भवती महिला की मौत हुई है। गर्भवती महिला की ननद जो कि उसकी देखभाल के लिए घर से आई थी मलबे में दबी है। घटना के दौरान मकान में कुल 06 लोग थे। वहीं आसपास के लोगों का कहना है कि उक्त पुश्ता अवैध रूप से बनाया जा रहा था। जिसके लिए कई बार मकान मालिक को कहा गया था।
