कानपुर (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के कानपुर के चौबेपुर मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी विकास दुबे अपने साथियों के साथ पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया है। 24 घंटे बाद भी विकास का कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस की पचास से अधिक टीम बदमाशों की तलाश में जुटी है। विकास के मध्य प्रदेश या राजस्थान की तरफ भागने की जानकारी मिल रही है। ऐसे में पुलिस ने दूसरे राज्यों की पुलिस से भी संपर्क कर मदद मांगी है। वहीं उसके साथी अलग-अलग शहरों की तरफ भागे हैं। पूरे मंडल की सीमाएं सील कर हाई अलर्ट जारी किया गया है।
बता दें कि गुरुवार शुक्रवार की दरमियानी रात करीब एक बजे मुठभेड़ हुई। पुलिसकर्मियों को बेरहमी से मारने के बाद विकास को खबर मिली कि भारी पुलिस बल गांव की तरफ आ रहा है। इसके बाद वह खुद के घिर जाने के डर से वह खेतों और जंगलों की तरफ होते हुए शहर की सीमा अपने साथियों संग पार कर गया। बाताया जा रहा है इसमें कुछ लोगों ने मदद भी की।

आगे उसके कुछ लोग पहले से ही गाडिय़ों के साथ मौजूद थे जिनके साथ वह राज्य के बाहर जाने की जुगत में लग गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक एमपी में उसकी बहन रहती है और लखनऊ में पत्नी-बच्चे। ऐसे में इन शहरों के अलावा राजस्थान जाने के इनपुट पुलिस को मिले हैं। उसी आधार पर उसकी तलाश कर रही है।
