नई दिल्ली (एजेंसी)। जानलेवा कोरोना वायरस की तेज रफ्तार ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। तमिलनाडु, दिल्ली और मुंबई में कोविड-19 के मरीजों की संख्या हर रोज तेजी से बढ़ रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ें के अनुसार देश में कोरोना मरीजों की संख्या 4,25,282 पहुंच गई है। अबतक कोरोना से 13,699 लोगों की जान जा चुकी है। फिलहाल 1,74,387 केस ऐक्टिव वहीं 2,37,196 मरीज ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 14,821 नए केस सामने आए हैं जबकि 445 लोगों की मौत हुई है।
देश के सर्वाधिक प्रभावित मुंबई में कोरोना के 1242 नए मामले आने से शहर में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 66,507 हो गई है। वहीं बीते 24 घंटे में कुल 41 मौतें हुई हैं जिससे शहर में मृतकों की संख्या बढ़कर 3669 हो गई है। जबकि 29,347 सक्रिय मामले शामिल हैं और 33491 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। कोरोना संक्रमण के मामले में दुनिया की बात करें तो अमेरिका में भयावह स्थिति है। अमेरिका के बाद ब्राजील में हालात भयावह हो गए हैं। यहां मृतकों का आंकड़ा 50 हजार को पार कर गया है। वहीं संक्रमितों की संख्या 10 लाख 80 हजार से अधिक हो गई है।
