सिंगर अदनान सामी ने कांग्रेस प्रवक्ता जसवीर शेरगिल के उस ट्वीट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उनके पद्मश्री को सरकार की चमचागिरी का जादू बताया गया है। अदनान ने शेरगिल के ट्वीट पर जवाब देते हुए लिखा है, “बच्चे क्या तुम अपना दिमाग क्लियरेंस सेल से लाए हो या फिर सेकंड हैंड नॉवेल्टी स्टोर से खरीदा है। क्या बर्कले में तुम्हे यही सिखाया गया है कि माता-पिता के कृत्यों के लिए बेटा जिम्मेदार या सजा का हकदार होता है? और तुम वकील हो? लॉ स्कूल से तुमने यही सीखा है? इसके लिए शुभकामनाएं।
जसवीर ने अदनान के पद्मश्री को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था, “करगिल युद्ध में शामिल रहे हमारे जवान और सेना के पूर्व अफसर मोहम्मद सनाउल्लाह को घुसपैठिया घोषित कर दिया गया। वहीं, भारत के खिलाफ युद्ध लड़ने वाले पाकिस्तानी वायुसेना के पायलट के बेटे को पद्मश्री दिया जा रहा है। यह एनआरसी और सरकार की चमचागिरी करने का जादू है।”
लंदन में जन्मे अदनान सामी के पिता पाकिस्तानी एयरफोर्स में पायलट थे। सिंगर ने 2015 में भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन दिया था, जो उन्हें जनवरी 2016 में मिल गई थी। अदनान उन 118 हस्तियों में शामिल हैं जिन्हें शनिवार को पद्मश्री दिए जाने की घोषणा की गई थी। गृह मंत्रालय की सूची में उनका घर महाराष्ट्र में दर्शाया गया है।