भिलाई। भिलाई नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेहरू नगर अंडरब्रिज से लगे नाले व झाड़ियों के बीच लाश मिलने से हड़कंप मच गया। गुरुवार की सुबह लगभग 8:30 बजे लोगों ने देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी व डायल 112 की टीम पहुंची। आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को ठिकाने लगाया गया है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।
मृतक के कपड़ों की जांच करने पर पुलिस को एक पर्स मिला और एक की पैड मोबाइल। पर्स में कुछ कैश, कैटरिंग के कार्ड व आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान सुरजीत रॉय के रूप में हुई है जोकि कोलकाता का रहने वाला था। वहीं मोबाइल फोन में दर्ज नंबर पर कॉल करने पर पुलिस को यह जानकारी मिली कि मृतक कैटरिंग का काम करता है। पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क साध रही है। मृतक वहां कैसे पहुंचा, उसकी हत्या हुई या किसी साजिश का शिकार हुआ इन पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।