बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शनिवार शाम को सुरक्षाबलों व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 4 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। घटना स्थल से सुरक्षाबलों ने चार नक्सलियों के शव भी बरामद कर लिए हैं। बताया जा रहा है रुक-रुककर फायरिंग जारी है। सुरक्षाबलों ने मौके से इंसास, एसएलआर राइफल समेत बड़ी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार बीजापुर जिले के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में शनिवार शाम को मुठभेड़ शुरू हुई। दरअसल सुरक्षाबलों को नक्सलियों की मौजूदगी की सटिक जानकारी मिली थी। मुठभेड़ को लेकर पुलिस ने ज्यादा जानकारी फिलहाल साझा नहीं की है। ऑपरेशन में जुड़े जवानों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस द्वारा इसे गोपनीय रखा गया है। पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन खत्म होने के बाद मुठभेड़ से संबंधित विस्तृत जानकारी अलग से दी जायेगी।

18 जुलाई को मारे गए थे 6 नक्सली
इसके पहले 18 जुलाई को नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में जवानों ने 6 नक्सलियों का एनकाउंटर किया था। मुखबिर की सटीक सूचना पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम सर्चिंग पर निकली थी। जहां फोर्स ने माओवादियों को घेर कर मार गिराया। बारिश के मौसम में भी नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन मानसून जारी है। इस दौरान पुलिस का नक्सलियों से सामना हुआ। दोनों तरफ से फायरिंग हुई थी। जवानों ने जवाबी कार्रवाई में नक्सलियों को ढेर कर दिया। एनकाउंटर वाली जगह से AK-47 और SLR जैसे ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद हुए थे।
