रायपुर। अयोध्या में श्रीरामलला का दर्शन कर लौट रहे छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में हादसे का शिकार हो गए। हादसा शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार गाड़ी पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में कई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ से करीब 20 लोग रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या गए थे। दर्शन के बाद सभी लोग फोरव्हीलर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शहडोल जिले के जोरा गांव के पास सुबह करीब 5 बजे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, तूफान गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और सवार लोग इधर-उधर बिखर गए। चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे की सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पहले उन्हें ब्यौहारी अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन चार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान गायत्री कंवर (55), मालती पटेल (50) और इंदिरा बाई के रूप में हुई है। ब्यौहारी थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि, हादसे में तीन महिलाओं की जान चली गई है, जबकि चार की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
