भिलाई। छत्तीसगढ़ में इन दिनों स्पा सेंटर्स की आड़ में देह व्यापार आम होता जा रहा है। पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है इसके बाद भी स्पा सेंटरों से प्रॉस्टिट्यूशन खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। दुर्ग पुलिस ने शनिवार की रात को भिलाई के सूर्या मॉल व आसपास 8 जगहों पर छापे मारी की। इस दौरान सूर्या मॉल में तीन स्पा सेंटर में प्रॉस्टिट्यूशन चल रहा था। यहां से पुलिस ने पुलिस ने 10 लड़कियों और 3 पुरुषों को हिरासत में लिया है। मौके से कई आपत्तिजनक चीजें भी मिली हैं। मामला स्मृति नगर चौकी क्षेत्र का है।
बता दें कि एसएसपी दुर्ग विजय अग्रवाल ने सभी थानों के टीआई और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में कहीं गैर कानूनी गतिविधियां नहीं होनी चाहिए। एएसपी के निर्देश के बाद लगातार अवैध क्रियाकलापों पर नजर रखी जा रही थी। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि स्पा सेंटर की आड़ में प्रॉस्टिट्यूशन का खेल चल रहा है। इसके बाद एएसपी पद्मश्री तंवर ने अपनी टीम के साथ रेड की कार्रवाई की। टीम जब स्पा सेंटर पहुंची तो कई ग्राहक मौजूद थे। पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो वहां अनैतिक गतिविधियां चल रही थीं। पुलिस ने रंगे हाथ लड़कियों व युवकों को अनैतिक कार्य करते हुए पकड़ा।


8 स्पा सेंटर्स पर रेड, कई आपत्तिजनक चीजें मिली
पुलिस ने 8 स्पा सेंटर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान स्मृति नगर चौकी पुलिस और अन्य कई थानों से महिला बल को बुलाया गया था। जब पुलिस ने रेड कार्रवाई की तो उन्हें केवल 3 स्पा सेंटर्स में ही संदिग्ध गतिविधियां मिली। बाकी के 5 स्पा सेंटर्स में पुलिस को कुछ भी नहीं मिला है। संभवत: उन्हें पुलिस के रेड की खबर मिल गई थी इसके कारण वे अलर्ट हो गए। पुलिस ने तीन स्पा सेंटरों से कई संदिग्ध, अनैतिक चीजों के साथ-साथ रजिस्टर और अन्य सबूत मिले हैं। यहां पकड़े गए लड़के-लड़कियों को स्मृति नगर चौकी ले जाया गया।
