बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सीपत क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान दोसा बनाने को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि दो युवकों ने कैटरर्स को गर्म तेल की कढ़ाही में धक्का दे दिया। घटना के बाद केटरर्स को गंभीर हालत में अस्पताल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे दूसरे निजी अस्पताल में रेफर किया गया। घटना की शिकायत के बाद दो लोगों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118, 1, 296, 3, 5, 351, 2 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामायण धीवर कैटरिंग का कार्य करते हैं और उन्होंने मचखंडा निवासी गोवर्धन यादव के घर शादी कार्यक्रम में भोजन तैयार करने का ठेका लिया था। इस कार्यक्रम में भरत रजक, अमन केंवट, चंद्रप्रकाश धीवर, विकास रजक सहित अन्य लोग भोजन तैयार कर रहे थे। इसी बीच जितेन्द्र यादव और रामकुमार यादव नामक दो युवक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और कहने लगे डोसा ठीक नहीं है। इस बात को लेकर दोनों भरत रजक से उलझ गए। पहले दोनों ने गाली-गलौज और मारपीट की और चले गए। कुछ समय बाद वे दोबारा लौटे। दोनों ने दोबारा विवाद खड़ा कर जान से मारने की धमकी दी और फिर भरत रजक को पकड़कर उसे गर्म तेल की कड़ाही में धक्का दे दिया।

इस हमले में भरत रजक का पेट, कमर, हाथ और चेहरा बुरी तरह झुलस गया, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल भरत रजक को पहले सीपत अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें तत्काल बिलासपुर स्थित बीटीआरसी अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। रामायण धीवर की शिकायत पर सीपत पुलिस ने जितेन्द्र यादव और रामकुमार यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118, 1, 296, 3, 5, 351, 2 के तहत मामला दर्ज किया है।
