नईदिल्ली। झारखंड के बोकारो जिले में सोमवार को हुए एनकाउंटर के बाद केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बयान आया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नक्सलवाद को खत्म करने के लिए उनकी सरकार की प्रतिबद्धता बरकरार है। नक्सलवाद को खत्म करने की हमारी मुहिम निरंतर जारी रहेगी।

बता दें झारखंड के बोकारो जिले में सीआरपीएफ और पुलिस के कोबरा कमांडो के साथ मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए। मारे गए नक्सलियों में संगठन के केंद्रीय समिति सदस्य प्रयाग मांझी उर्फ विवेक, विशेष क्षेत्र समिति सदस्य अरविंद यादव उर्फ अविनाश, जोनल समिति सदस्य साहेबराम मांझी उर्फ राहुल मांझी, महेश मांझी उर्फ मोटा, तालु, रंजू मांझी, गंगाराम और महेश शामिल हैं। इनमें से विवेक पर एक करोड़ का इनाम था। मौके से सुरक्षाबलों ने एक एके सीरीज राइफल, तीन इंसास राइफल, एक सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर), आठ देशी बंदूकें और एक पिस्तौल जब्त की गई।

केंद्रीय गृह मंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- ‘नक्सलवाद को खत्म करने के लिए हमारा अभियान निरंतर जारी है। आज सुरक्षा बलों को नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए चल रहे अभियान में एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली। झारखंड के बोकारो में लुगु हिल्स में मुठभेड़ में आठ माओवादियों को ढेर कर दिया गया, जिसमें एक शीर्ष स्तर का नक्सली नेता विवेक, जिस पर एक करोड़ रुपये का इनाम था, और दो अन्य कुख्यात नक्सली शामिल हैं। अभियान जारी है। हमारे सुरक्षा बलों की सराहना करें।
