बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सनकी ने दूधवाले पर मांस काटने वाले चापड़ से हमला कर दिया। सनकी युवक को शक था कि दूधवाले का उसकी बीवी से अवैध संबंध है। दूधवाले पर हमला करने के बाद वह बीवी की हत्या करने के इरादे से उसके मायके की ओर बढ़ा लेकिन उससे पहले ही मन बदला और थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। वहीं घायल दूधवाले को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार सिविल लाईन थाना क्षेत्र के मरीमाई मंदिर के पास रहने वाला 46 वर्षीय मोहम्मद मोबीन पेशे ड्राइवर है। पारिवारिक विवाद के कारण उसकी पत्नी घर छोड़कर अपने मायके सिरगिट्टी में रह रही है। रविवार 20 अप्रैल की दोपहर को पिरैया निवासी 40 वर्षीय जयपाल साहू अपनी बाइक पर दूध देने आया। इससे पहले की वह कुछ समझता मोबीन ने अपनी पत्नी से अवैध संबंध का आरोप लगाकर चापड़ से सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया।

अचानक हमले से आसपास के लोग भी सकते में आ गए। हाथ में चापड़ देखकर कोई बीच बचाव करने भी नहीं आया। कुछ देर मारने के बाद लहूलुहान हालत में उसे छोड़कर चला गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया। दूधवाले पर हमला करने के बाद वह सीधे अपनी पत्नी के मायके की ओर निकल गया। हालांकि व पत्नी के पास जाने के बजाय थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
