भिलाई। महाराष्ट्र मंडल सेक्टर-4 में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हिन्दू नववर्ष और गुड़ी पड़वा का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। चैत्र मास की शुक्ल पक्ष की पहली तिथि को मनाए जाने वाले हिंदू नववर्ष और गुड़ी पड़वा इस वर्ष 30 मार्च 2025 को मनाया जाएगा। इसके साथ ही चैत्र नवरात्र भी शुरू हो रहे हैं। इस दिन महाराष्ट्र मंडल परिसर के राम मंदिर में हिंदू नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक के रूप में गुड़ी की स्थापना की जाएगी। यह हिंदू संस्कृति की विजय, समृद्धि और विविधता का प्रतीक है। इस अवसर पर रविवार को 7 बजे महाराष्ट्र मंडल में सोहम कला विष्कार, नागपुर के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत “रंग मराठी मतीचा” सुगम संगीत के कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

महाराष्ट्र मंडल में 30 मार्च से 6 अप्रैल रामनवमी व उसके बाद हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया जाएगा। 30 मार्च को पूजन, अभिषेक, आरती, गुढ़ीरोहण, प्रसाद वितरण किया जाएगा। 31 मार्च सोमवार को “सखी मंच हुडको” द्वारा भजन प्रस्तुति, 1 अप्रैल मंगलवार सुबह 9.30 बजे अखण्ड रामायण पाठ स्थापना व अखण्ड रामायण पाठ होगा। 2 अप्रैल बुधवार को अखण्ड रामायण पाठ समाप्ति पूजन, हवन एवं आरती होगी। 3 अप्रैल गुरुवार को “मराठी भजनी मंडल पद्मनाभपुर” द्वारा भजन प्रस्तुति, 4 अप्रैल शुक्रवार को कीर्तन” की प्रस्तुति आदित्यबुवा देशकर नागपुर द्वारा की जाएगी। 5 अप्रैल शनिवार को सामूहिक रामरक्षा पाठ, हनुमान चालीसा पाठ किया जाएगा। 6 अप्रैल रविवार को पूजन, अभिषेक, आरती के साथ श्रीराम भजन की प्रस्तुति होगी। इसके बाद श्रीराम जन्म एवं आरती के बाद दोपहर 1 से 3 बजे तक महाप्रसाद वितरण किया जाएगा।

इसी प्रकार 12 अप्रैल को श्री हनुमान जन्मोत्सव पर विशेष पूजा होगी। सुबह 5.30 बजे पूजा प्रारंभ होगी। श्री हनुमान जन्मोत्सव व आरती सुबह 6.00 बजे तथा सुन्दर काण्ड पाठ शाम 7.00 बजे किया जाएगा। इसके बाद महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
