दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के बीच दंतेवाड़ा में आईईडी ब्लास्ट की खबर आ रही है। यहां नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया जिसकी चपेट में आने से एक जवान के दोनों पैरों के चीथड़े उड़ गए। बताया जा रहा है कि जवान एरिया एरिया डोमिनेशन के लिए निकले थे और इस दौरान यह ब्लास्ट हुआ। घायल जवान को रायपुर रेफर किया गया है। मामला जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक CRPF को अरनपुर क्षेत्र नक्सलियों की मौजूदगी की खबर मिली थी। इसके बाद CRPF जवानों को अरनपुर क्षेत्र में कमल पोस्ट के पास सर्चिंग के लिए भेजा गया था। अरनपुर वही क्षेत्र है जहां पर कुछ दिन पहले नक्सलियों ने जवानों के वाहन को ब्लास्ट किया था। जिसमें 10 जवानों के साथ चालक शहीद हो गए थे। मंगलवार को सर्चिंग के दौरान आईईडी ब्लास्ट हो गया और इसकी चपेट में आने से CRPF की 231 बटालियन के जवान एमएन शुक्ला के दोनों पैरों के चीथड़े उड़ गए। एमएन शुक्ला एफ कंपनी में प्रधान आरक्षक के पद पर पोस्टेड है। ब्लास्ट के बाद साथियों ने फौरन घायल जवान को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया। जवान के दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। फिलहाल आरक्षक को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
