कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में जंगली जानवरों के मौत का सिलसिला जारी है। गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान में बाघ की मौत के बाद अब तेंदुआ का शव मिला है। उद्यान के संचालक ने तेंदुआ के मौत की पुष्टि की है। तेंदुआ के शव का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार किया गया।
सप्ताह भर पहले मनेन्द्रगढ़ में जहां पर बाघ का शव मिला था उसी जगह पर अब तेंदुआ का शव मिला है। गश्ती के दौरान बीट टामापहाड़, सर्किल देवसील, पार्क परिक्षेत्र कमर्जी में एक तेंदुआ की मौत की खबर मिली। घटना की पुष्टि के बाद क्षेत्रीय कर्मचारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों को देर रात घटना की सूचना दी। घटना स्थल दुर्गम पहाड़ी नेटवर्क विहीन क्षेत्र में स्थित है। शनिवार को वन संरक्षक सरगुजा वन वृत्त, संचालक गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान, पशु चिकित्सकों की टीम, गोमर्डा अभ्यारण्य के डॉग स्क्वायड टीम और क्षेत्रीय कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंचे।

पोस्टमार्टम कर किया गया दाह संस्कार
कर्मचारियों और गोमर्डा अभ्यारण्य के डॉग स्क्वायड टीम ने घटना स्थल के आस-पास के क्षेत्र में पतासाजी किया। निरीक्षण के बाद विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामीणों की उपस्थिति में तीन सदस्यीय पशु चिकित्सक दल ने पोस्टमॉर्टम किया। परीक्षण के दौरान मृत तेंदुए के स्किन, नाखून, दांत एवं सभी अंग सुरक्षित पाए गए। मृत तेंदुए के आवश्यक सेंपल को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए प्रीजर्व किया गया। पोस्टमार्टम कर शव का दाह संस्कार किया गया।

मौत के कारणों में जुटी टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड टीम, स्ट्राईक फोर्स, क्षेत्रीय कर्मचारियों के संयुक्त टीम ने त्वरित कार्यवाही कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के संभावित कारणों के विषय में जानकारी मिलेगी। तेंदुए के मौत की सभी संभावित कारणों की विवेचना की जा रही है।